भेड़ागढ़ स्कूल में “सेवा मेरा योगदान उत्सव” का आयोजन, पुस्तक वाचन के साथ सामुदायिक सहभागिता पर दिया जोर

lok sev
previous arrow
next arrow
भेड़ागढ़ स्कूल में “सेवा मेरा योगदान उत्सव” का आयोजन, सामुदायिक सहभागिता पर दिया जोर
भेड़ागढ़। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी कबीरधाम के निर्देशानुसार शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय भेड़ागढ़ में 2 अक्टूबर 2026 को “सेवा मेरा योगदान उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, पालकों, शाला प्रबंधन समिति तथा ग्रामीणों को शिक्षा और विद्यालय विकास से जोड़ते हुए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक पुस्तक वाचन से की गई। इसमें विद्यार्थियों के साथ शिक्षक, पालक एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने सहभागिता की। पुस्तक वाचन के माध्यम से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने तथा ज्ञानवर्धक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान विद्यालय परिसर में जन-जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपस्थित ग्रामीणों एवं पालकों को शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों तथा शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बच्चों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई के प्रति रुचि और विद्यालय की गतिविधियों में पालकों की भागीदारी के महत्व पर चर्चा की।
कार्यक्रम में न्योता भोजन एवं विद्यालय में किचन गार्डन निर्माण को लेकर भी परिचर्चा की गई। विद्यालय के विकास में ग्रामीणों एवं जनभागीदारी के माध्यम से सहयोग प्राप्त करने तथा बच्चों को स्वच्छता, पोषण और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की बात कही गई।
कार्यक्रम में प्रधान पाठक ईश्वर परस्ते, शिक्षक मनोज ठाकुर, सियाराम धुर्वे, शंकर धुर्वे एवं निलेश्वर धुर्वे सहित जनभागीदारी अध्यक्ष पुरुषोत्तम बघेल, सदस्य अंतराम पड़वार, तुला राम सोनवानी तथा ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिक्षकों एवं समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों ने भी विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सहयोग देने और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में अपनी सहभागिता निभाने की बात कही।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से उपस्थित सभी पालकों, समिति सदस्यों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया। “सेवा मेरा योगदान उत्सव” के माध्यम से विद्यालय में शिक्षा, सेवा और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Related posts