विधायक भावना बोहरा की पहल से कुई-कुकदूर महाविद्यालयीन छात्राओं को मिली निःशुल्क बस सेवा की सुविधा, मंत्री श्री टंकराम वर्मा एवं विधायक भावना बोहरा ने ₹5.96 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
विधायक भावना बोहरा के आग्रह पर मंत्री टंकराम वर्मा जी द्वारा कापादाह में नवीन शासकीय महाविद्यालय की स्थापना एवं पंडरिया व पांडातराई महाविद्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण और कॉलेज परिसर के विकास हेतु ढाई-ढाई करोड़ रुपए की घोषणा
वनांचल क्षेत्र में शिक्षा, प्रशासनिक सुविधाओं, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से आज हेलिपैड मैदान, कुई-कुकदूर में छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी एवं पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा कुल 5 करोड़ 96 लाख 96 हजार की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया इसके साथ ही पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा कुई-कुकदूर महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के सुगम व सुरक्षित आवागमन सुविधा हेतु निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम में 5000 से अधिक की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने तालियों की गूंज से इस सौगात के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी, कैबिनेट मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी और पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर हेतु नवीन भवन, एवं ग्राम कुई व कुकदूर में महतारी सदन निर्माण कार्य का भूमिपूजन तथा तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से वनांचल के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।

इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और वनांचल सहित दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं तथा बुनियादी सुविधाओं का लाभ उनके गाँव और घर के नजदीक ही उपलब्ध हो। कुई-कुकदूर में तहसील कार्यालय भवन, महाविद्यालय के नवीन भवन और महतारी सदनों से संबंधित कार्य क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे। स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों का समय और धन बचेगा, वहीं शिक्षा के बेहतर अवसर युवाओं के भविष्य को मजबूत करेंगे।
हमारी सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और जनसुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। बेटियों की शिक्षा और महिलाओं का सशक्तिकरण एक समृद्ध समाज की आधारशिला है। विधायक भावना बोहरा जी द्वारा छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा जैसी पहल शिक्षा तक उनकी पहुंच आसान बनाएगी और परिवारों को आर्थिक राहत देगी।
पूरे पंडरिया विधानसभा में विधायक भावना बोहरा द्वारा बेटियों की शिक्षा हेतु निःशुल्क बस सेवा के संचालन की पहल के सराहनीय है और मैं उन्हें बधाई देता हूँ। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए उनकी तत्परता हो या जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, युवाओं के शिक्षा के लिए लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग, भावना दीदी की साइंस पाठशाला जैसे पहल और उनके द्वारा किये जा रहे जनसेवा के कार्य के लिए मैं उनका अभिनंदन करता हूँ।





