कुकदूर तहसील की जिम्मेदारी अब अजय कुमार मेरावी को, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
कबीरधाम। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था के तहत राजस्व विभाग में अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल किया गया है। कलेक्टर कार्यालय कबीरधाम द्वारा जारी आदेश के अनुसार अजय कुमार मेरावी को तहसील पंडरिया के प्रभारी तहसीलदार के साथ-साथ तहसील कुकदूर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जारी आदेश के मुताबिक अजय कुमार मेरावी वर्तमान में जिला कार्यालय कबीरधाम में भू-अभिलेख शाखा में अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें आगामी आदेश पर्यंत तहसील पंडरिया का प्रभारी तहसीलदार तथा तहसील कुकदूर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं, आदेश के तहत संजय कुमार मोहद्या, नायब तहसीलदार पंडरिया को प्रभारी तहसीलदार पंडरिया एवं कुकदूर के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। इसी तरह रीतू श्रीवास, नायब तहसीलदार बोड़ला को प्रभारी तहसीलदार बोड़ला के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करने का आदेश जारी किया गया है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश में छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता के नियम-125 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए संबंधित तहसीलों का संपूर्ण आहरण-संवितरण अधिकार भी आगामी आदेश तक सौंपा गया है।
यह आदेश 16 नवंबर 2026 को जारी किया गया है तथा तत्काल प्रभावशील होगा। प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब तहसील कुकदूर की जिम्मेदारी अजय कुमार मेरावी के पास रहेगी।