वनांचल क्षेत्र में शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, कोदवागोड़ान में 100 सीटर बालक छात्रावास का भूमिपूजन

lok sev
previous arrow
next arrow
वनांचल क्षेत्र में शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, कोदवागोड़ान में 100 सीटर बालक छात्रावास का भूमिपूजन
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम कोदवागोड़ान में शिक्षा और छात्र सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने आज 2 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 100 सीटर बालक छात्रावास निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने कहा कि “शिक्षित पंडरिया, विकसित पंडरिया—यही हमारा संकल्प है।” उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और क्षेत्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है तथा वनांचल और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि अब तक वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कई बच्चों को प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में विद्यालय आना-जाना पड़ता था, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी। विशेषकर बरसात के दिनों में विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब छात्रावास निर्माण के बाद बच्चों को सुरक्षित आवास, पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इस छात्रावास के निर्माण से न केवल विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी बल्कि उनके भीतर शिक्षा के प्रति आत्मविश्वास और उत्साह भी बढ़ेगा। ग्रामीण और आदिवासी अंचल के बच्चों को भी अब शहरों की तरह बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसे प्रयास कर रही है जिससे कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे वनांचल क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया। ग्रामीणों ने कहा कि छात्रावास बनने से दूर-दराज के बच्चों को रहने और पढ़ाई की सुविधा मिलेगी, जिससे उनके अभिभावकों की चिंता भी कम होगी।
इस अवसर पर भाजपा मंडल एवं मोर्चा के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने छात्रावास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद जताते हुए इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
वनांचल क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह छात्रावास आने वाले समय में कई बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का कार्य करेगा। पंडरिया क्षेत्र में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में यह पहल विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत करती है।

Related posts