शिक्षा के लिए सामुदायिक सहभागिता की मिसाल: केशलीगोड़ान स्कूल के 124 विद्यार्थियों को मिली टाई-बेल्ट की सौगात

lok sev
previous arrow
next arrow
समुदाय की अनूठी पहल: 124 विद्यार्थियों को मिली टाई-बेल्ट की सौगात
पंच गणेश धुर्वे और खेल प्रशिक्षक तुलसी धुर्वे ने स्वयं के खर्च से किया सहयोग, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
पण्डरिया। विकासखंड पण्डरिया के वनांचल क्षेत्र स्थित संकुल केंद्र बिरकोना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला केशलीगोड़ान में सामुदायिक सहभागिता की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई। विद्यालय के 124 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क टाई एवं बेल्ट वितरित किए गए। इस पहल से जहां विद्यार्थियों की विद्यालयी वेशभूषा में निखार आया, वहीं बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए ग्राम पंचायत केशलीगोड़ान के पंच गणेश धुर्वे एवं खेल प्रशिक्षक तुलसी धुर्वे ने अपने निजी व्यय से लगभग 4 हजार रुपये खर्च कर विद्यालय के सभी 124 विद्यार्थियों के लिए टाई और बेल्ट उपलब्ध कराए। दोनों के इस सहयोग से बच्चों में अनुशासन, समानता और विद्यालय के प्रति गौरव की भावना को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि अंतुराम पटेल, पंच विरेन्द्र पटेल, पंच गणेश धुर्वे, ग्राम पंचायत सचिव रामकिर्तन यादव, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक शेखलतीफ खान एवं रामायण प्रसाद ओग्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे, शिक्षक सत्येन्द्र नाथ प्रताप सिंह एवं लता चांदसे ने अतिथियों का स्वागत किया और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे ने कहा कि विद्यालय और समुदाय के बीच मजबूत सहभागिता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है। समाज के सहयोग से बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है और उनका मनोबल बढ़ता है।
टाई एवं बेल्ट प्राप्त करने के बाद बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। ग्रामीणों और उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज की ऐसी छोटी-छोटी पहल बच्चों के लिए बड़ा प्रोत्साहन साबित होती है। ग्रामीणों ने इसे सामुदायिक सहभागिता का अनुकरणीय उदाहरण बताते हुए अन्य लोगों से भी विद्यालय और विद्यार्थियों के हित में आगे आने की अपील की।

Related posts