शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान: एसबीआई लाइफ कवर्धा ने सहायक शिक्षक मनोहर लाल घृतलहरे को किया सम्मानित
कवर्धा:
शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस शाखा कवर्धा द्वारा एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शासकीय प्राथमिक शाला पोलमी में पदस्थ सहायक शिक्षक श्री मनोहर लाल घृतलहरे को उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य और शिक्षा जगत में दिए गए विशेष योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा श्री घृतलहरे सहित अन्य शिक्षकों को सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के सच्चे निर्माता होते हैं। वे न केवल विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें उच्च संस्कार और जीवन को सही दिशा देने का कार्य भी करते हैं। एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की यह पहल शिक्षकों के समर्पण और मेहनत को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पंडरिया विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) श्री दीपक ठाकुर एवं परियोजना अधिकारी श्री बृजेश कुमार सोनी उपस्थित रहे। वहीं एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की ओर से डी.एस.एम. (DSM) श्री संजय सिंह, कवर्धा ब्रांच डी.आर.एम. (DRM) श्री शैलेश श्रीवास्तव, सीनियर मैनेजर श्री मनोज चंद्रवंशी तथा फाइनेंस एडवाइजर श्री रोहित रजक विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों के हाथों श्री मनोहर लाल घृतलहरे को यह सम्मान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने श्री घृतलहरे को बधाई दी।