दुर्ग में कूडो चैंपियनशिप में भेड़ागढ़ के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, 4 स्वर्ण सहित कुल 7 पदक हासिल

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
दुर्ग में कूडो चैंपियनशिप में भेड़ागढ़ के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, 4 स्वर्ण सहित कुल 7 पदक हासिल
दुर्ग में आयोजित दो दिवसीय चतुर्थ छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कूडो चैंपियनशिप में पंडरिया ब्लॉक अंतर्गत वनांचल ग्राम भेड़ागढ़ के युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम गौरवान्वित किया है। यह पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि कबीरधाम जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले 07 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों में से 04 प्रतिभागियों ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में नकुल सिंह बघेल, रविंद्र चंद्रवंशी, गुलशन साहू और नरेंद्र साहू का नाम शामिल है। वहीं प्रिंस नाथ योगी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा सीताराम धुर्वे और पंकज साहू ने कांस्य पदक जीतकर जिले की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ मुकाबला किया, जिसका परिणाम इन शानदार उपलब्धियों के रूप में सामने आया। खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे उनके कोचों का विशेष योगदान रहा है। कोच निगेश्वर नाथ योगी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने निरंतर अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखारा। वहीं सदस्य कोच नितेश चंदेल, छेदीलाल निषाद और हिम्मत साहू ने भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीण क्षेत्र से आने के बावजूद इन खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों में रहकर अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि अगर संकल्प मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। इन युवाओं की सफलता ने न केवल भेड़ागढ़ ग्राम, बल्कि पूरे पंडरिया ब्लॉक और कबीरधाम जिले का मान बढ़ाया है।

इस उपलब्धि पर कोचिंग टीम ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि यह तो केवल शुरुआत है, आगे चलकर ये खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस सफलता पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया है। सभी ने आशा व्यक्त की है कि ये प्रतिभागी भविष्य में जिले के साथ-साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे तथा अपने माता-पिता और समाज को गौरवान्वित करेंगे।

इस शानदार उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेल के प्रति प्रेरित किया है और यह संदेश दिया है कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से सफलता जरूर मिलती है।

Related posts