50 वर्षों पुराने स्कूल की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला, ग्राम पंचायत कामठी ने जारी किया नोटिस

lok sev
previous arrow
next arrow
50 वर्षों पुराने स्कूल की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला, ग्राम पंचायत कामठी ने जारी किया नोटिस
कामठी। ग्राम पंचायत कामठी ने शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्राम निवासी होरीलाल यादव को नोटिस जारी किया है। पंचायत द्वारा 10 जुलाई 2026 को जारी नोटिस में कहा गया है कि ग्राम कामठी में पिछले लगभग 50 वर्षों से संचालित बैगा प्राथमिक शाला के पीछे स्थित शासकीय भूमि पर मवेशी शेड और दीवार का निर्माण कर अतिक्रमण किया गया है, जिससे विद्यालय के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है।
नोटिस के अनुसार विद्यालय भवन की कमी के कारण वर्तमान में कक्षाओं का संचालन राजीव गांधी सेवा केंद्र भवन में किया जा रहा है। पंचायत का कहना है कि विद्यालय के पीछे बनाए गए मवेशी शेड के कारण खिड़की और दरवाजा खोलने पर गंदगी सीधे कक्षा के भीतर प्रवेश करती है, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही भवन की छत से निकलने वाले वर्षा जल की निकासी भी बाधित हो रही है।
ग्राम पंचायत ने यह भी उल्लेख किया है कि विद्यालय के पीछे स्थित सार्वजनिक भूमि और पूर्व से मौजूद तालाब जाने का रास्ता भी प्रभावित हुआ है, जिससे शासकीय कार्य एवं आम लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
पंचायत ने संबंधित व्यक्ति को 15 दिनों के भीतर शासकीय भूमि से शेड एवं दीवार हटाने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने की स्थिति में नियमानुसार अनुशासनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
इस संबंध में नोटिस की एक प्रति तहसीलदार कुकदूर को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है। अब देखना होगा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण हटाया जाता है या प्रशासन आगे की कार्रवाई करता है।

Related posts