संकुल शैक्षिक समन्वयक संघ पंडरिया द्वारा भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित
पंडरिया। संकुल शैक्षिक समन्वयक संघ पंडरिया की सौजन्यता से पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय पंडरिया में वर्ष 2026 का विदाई एवं सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े वरिष्ठ शिक्षकों, समन्वयकों एवं अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक एवं सीएसी शिक्षक संघ के संरक्षक श्री रामानुज सिंह ठाकुर तथा प्रधान पाठक श्री संतोष सोनी को भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने उनके लंबे शैक्षणिक अनुभव, अनुशासन एवं शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि दोनों शिक्षकों ने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों और शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इसके साथ ही नवपदोन्नत प्राचार्यों में श्री दीपक ठाकुर, श्री बैजनाथ चंद्राकर, श्री के.के. गुप्ता एवं श्री मुकेश ठाकुर का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सभी अतिथियों ने नव पदस्थ प्राचार्यों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान उपस्थित सम्मानित जनों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग, समन्वय और सकारात्मक कार्यशैली की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके अनुभव से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है। कार्यक्रम में भावुक क्षण भी देखने को मिले जब सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवा काल के अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर सीएसी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष श्री एस.पी. डड़सेना, ईश्वर तिवारी, कन्हैया चंद्राकर, राजेंद्र खांडे, भागीरथी चंद्राकर, उत्तम लॉयल, काशीराम गोयल, मनराखान धुर्वे, जनक तिलगाम, अशोक पाण्डेय, नारायण कुंभकार, कमल सोनी, रामचंद्र चंद्रवंशी, गेंदालाल साहू, होरीलाल गबेल एवं बीआरसीसी श्री राममुरारी यादव सहित विकासखंड पंडरिया के समस्त सीएसी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
सभी के सहयोग, सहभागिता एवं मार्गदर्शन से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा क्षेत्र में इसी प्रकार एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।