कवर्धा में 7 कबाड़ी दुकानों पर पुलिस का छापा, चोरी के सामान की खरीदी-बिक्री पर कड़ी निगरानी

lok sev
previous arrow
next arrow
कबीरधाम पुलिस ने चोरी के सामान की खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाते हुए कवर्धा शहर की 7 कबाड़ी दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह और अमित पटेल के मार्गदर्शन में की गई।
एसडीपीओ कवर्धा आशीष शुक्ला और कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कबाड़ी दुकानों में रखी कबाड़ सामग्री, खरीद-बिक्री के अभिलेखों और दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान दुकानदारों से कबाड़ सामग्री के स्रोत की जानकारी भी ली गई।
पुलिस अधिकारियों ने सभी कबाड़ी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे किसी भी प्रकार का संदिग्ध या चोरी का सामान न खरीदें और न ही उसका भंडारण करें। साथ ही खरीदी गई सामग्री का पूरा रिकॉर्ड रखने तथा सामान बेचने वाले व्यक्तियों की पहचान संबंधी जानकारी सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर जांच में सहयोग मिल सके।
एसडीपीओ आशीष शुक्ला ने बताया कि जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी के माल की खरीदी-बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या चोरी के सामान की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। कबीरधाम पुलिस का यह अभियान चोरी के माल के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related posts