पंडरिया विधानसभा में 27 सड़कों का भूमिपूजन, कुकदुर क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
पंडरिया विधानसभा में 27 सड़कों का भूमिपूजन, कुकदुर क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के लिए आज का दिन विकास के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। विधायक भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बहुप्रतीक्षित 27 सड़कों का भूमिपूजन किया गया। खास बात यह रही कि इन 27 सड़कों में से 23 सड़कें वनांचल क्षेत्र कुकदुर के अंतर्गत शामिल हैं, जिससे इस क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
यह भूमिपूजन कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लंबे समय से इन सड़कों की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
भूमिपूजन की गई प्रमुख सड़कों में भेलकी मुख्य मार्ग से चुलटोला वाया बदनाटोला, बोहिल रोड से झुमर, अमनिया बरटोला रोड से ढोलढोली डोकरीघखटिया, दमगढ़ से लुढूटोला, कांदावानी से डेंगुरजाम अमनिया, बिरहुलडीह से करालू, बिरहुलडीह से लिफड़ी, जखना रोड से धोबे, छिन्दीडीह से टिकराटोला, महीडबरा से नवापारा, देवानपटपर से चिखलापानी, केसमरदा रोड से गाडासरई, दमगढ़ से महुवापानी, भैंसाडबरा से भंदराटोला, बोहिल से फिफलीपानी, देवसरा रोड से पंडरीपथरा, बांगर रोड से एरुंगटोला, बांगर मेनरोड से कोटनापानी (टोलापारा), बदना रोड से कारीधाप, दमगढ़ मेनरोड लुढूटोला से चारभाठा, डालामौहा से पीपरकछार, बांगर रोड से धारटोला तथा भेड़ागढ़ से भेड़ागढ़ बैगापारा सड़क शामिल हैं।
इन सड़कों के निर्माण से वनांचल क्षेत्र के गांव सीधे मुख्य मार्गों, नगरों और शहरों से जुड़ सकेंगे, जिससे आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार जैसी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीणों के लिए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस अवसर पर क्षेत्र के ग्राम पंचायत आगरपानी सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए माननीय प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा विधायक भावना बोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़कें उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

विधायक भावना बोहरा की सक्रियता और जनहित के प्रति समर्पण के चलते यह बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो सकी है। क्षेत्रवासियों ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह विकास कार्य जारी रहेंगे।

Related posts