खेल अंतिम क्षण तक लड़ने का साहस देता है : प्रो. दयाल
राष्ट्रीय खेल दिवस पर पत्रकारिता विश्वविद्यालय में पारंपरिक एवं नवाचारी खेलों का आयोजन, कुलपति सहित प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
रायपुर, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में विभिन्न पारंपरिक एवं नवाचारी खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल सहित कुलसचिव श्री सुनील शर्मा, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये व्यक्ति को विपरीत परिस्थितियों में अंतिम क्षण तक संघर्ष करने और जीत हासिल करने का साहस भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रो. दयाल ने कहा कि खेलों के माध्यम से खेल भावना के साथ-साथ टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, साहस, धैर्य, उत्साह, सकारात्मकता और आपसी समन्वय जैसे गुणों का विकास होता है। ये गुण व्यक्ति के व्यक्तित्व को संतुलित एवं बहुआयामी बनाने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच खेल तनाव को कम करने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने का प्रभावी माध्यम हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए विभिन्न रोचक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें पारंपरिक खेलों के साथ कुछ नवाचारी खेलों को भी शामिल किया गया। ओंकार दौड़, केंद्र कबड्डी, नेताजी की पहचान, मत चूको चौहान, शेर-आदमी-बंदूक और सुदर्शन चक्र जैसे खेलों ने प्रतिभागियों में खासा उत्साह पैदा किया।
खेल प्रतियोगिताओं के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों के साथ प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि शिक्षा के साथ खेल भी जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों के जरिए स्वस्थ शरीर के साथ मजबूत मन और बेहतर व्यक्तित्व का निर्माण किया जा सकता है। राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन विश्वविद्यालय में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने वाला रहा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। कुलसचिव श्री सुनील शर्मा ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहभागिता की।