कबीरधाम में प्रशासनिक फेरबदल, तुलिका प्रजापति होंगी नई कलेक्टर
कवर्धा। राज्य शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 2016 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति को कबीरधाम जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार उन्हें आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से कबीरधाम कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्रीमती तुलिका प्रजापति इससे पहले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में कलेक्टर के पद पर कार्यरत थीं। अब शासन ने उनका स्थानांतरण कबीरधाम जिले में करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी दी है। आदेश जारी होने के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।
नई कलेक्टर की नियुक्ति के साथ ही जिले में प्रशासनिक कामकाज को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि श्रीमती प्रजापति जल्द ही कवर्धा पहुंचकर कलेक्टर का पदभार ग्रहण करेंगी। पदभार संभालने के बाद उनके सामने जिले में चल रही विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को गति देने की जिम्मेदारी होगी।
शासन के आदेश के बाद अब जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों की नजर नई कलेक्टर के पदभार ग्रहण करने पर है। उनके आने के बाद जिले में प्रशासनिक स्तर पर नई कार्ययोजना और प्राथमिकताओं को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।