पाण्डातराई में अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 89 पौवा देशी शराब जब्त; 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पाण्डातराई। थाना पाण्डातराई पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 89 पौवा देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 16.20 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7,120 रुपए है।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाण्डातराई स्थित अमन चखना दुकान के सामने एक युवक अवैध रूप से शराब बेचने के लिए शराब लेकर खड़ा है। सूचना मिलने के बाद थाना पाण्डातराई की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी की प्लास्टिक बोरी से 89 नग रोमियो देशी प्लेन मदिरा के पौवा बरामद हुए। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान सूरज मानिकपुरी (18 वर्ष 2 माह), पिता तारन दास मानिकपुरी, निवासी घोघरापारा, वार्ड क्रमांक 8, थाना पंडरिया के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के साथ-साथ जुआ, सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, सउनि रूपेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्रवंशी, जावेद खान तथा आरक्षक रोहित मरावी, शिवाकांत शर्मा, पुरुषोत्तम वर्मा, राधेश्याम सोनवानी, छोटे लाल यादव एवं ईश्वर चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।