माठपुर में जनचौपाल: हितग्राहियों को मिली पीएम आवास की चाबी, समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
पंडरिया। वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदूर अंतर्गत दूरस्थ ग्राम माठपुर में जनचौपाल का आयोजन किया गया, जहां क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। जनचौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, आवास सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दे रखे, जिनके समाधान के लिए विधायक ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत पंडरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) दीपेश चंद्राकर, ग्राम पंचायत माठपुर के सरपंच भगवंता श्याम, सचिव देव कुमार उत्तरा बर्मन, अजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जनचौपाल के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत पात्र हितग्राहियों को उनके नए आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर हितग्राहियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का नियमित निरीक्षण करें और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वनांचल के प्रत्येक गांव को सड़क, बिजली, पानी, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
सीईओ दीपेश चंद्राकर ने भी ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से उनका लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।
जनचौपाल में कई ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएं भी रखीं, जिनमें आवास, पेयजल, सड़क निर्माण, पेंशन और अन्य विकास कार्य शामिल थे। संबंधित अधिकारियों ने समस्याओं का निराकरण करने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन और ग्रामीणों के बीच संवाद को मजबूत करना तथा विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। जनचौपाल के सफल आयोजन से ग्रामीणों में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है।