अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर पीड़ित परिजनों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

lok sev
previous arrow
next arrow
अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर पीड़ित परिजनों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
दिवंगत पंचायत शिक्षकों के परिजनों द्वारा अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिनांक 7 मई 2026, गुरुवार को दिवंगत पंचायत शिक्षक पीड़ित परिजन अनुकंपा संघ की प्रदेश अध्यक्ष माधुरी मृगे एवं कार्यकारिणी सदस्य कुमुदिनी साहू ने भाजपा सरकार के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास के साथ सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भेंट मुलाकात की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत पंचायत शिक्षकों के परिवारों की समस्याओं और आर्थिक कठिनाइयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है और अनुकंपा नियुक्ति ही उनके जीवनयापन का प्रमुख सहारा बन सकती है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द आदेश जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पीड़ित परिवारों की व्यथा को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस विषय को संवेदनशीलता के साथ देख रही है और जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
सीएम हाउस में ही प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से भी मुलाकात कर अनुकंपा नियुक्ति के विषय पर चर्चा की। शिक्षा मंत्री ने भी परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाएगी तथा आगामी कैबिनेट बैठक में इस संबंध में आदेश जारी किए जाने पर विचार किया जाएगा।
पीड़ित परिवारों ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद जल्द न्याय मिलने की उम्मीद जताई है।

Related posts