कुकदूर क्षेत्र के कई घरों में अज्ञात महिला द्वारा ठगी, सोना-चांदी व घरेलू सामान लेकर फरार
कुकदूर। थाना कुकदूर क्षेत्र के ग्राम कुई में गुरुवार व शुक्रवार को एक ही तरीके से कई परिवारों से ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने थाना कुकदूर में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि दिनांक 18 नवम्बर 2025 की सुबह करीब 8 से 10 बजे के बीच एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची और घर की महिलाओं से सोना चमकाने तथा बर्तन साफ़ करने के बहाने सोना-चांदी के जेवर और अन्य सामान ले गई।
शिकायतों के अनुसार महिला ने घर में मौजूद महिलाओं को लालच देकर आभूषण साफ़ करने के लिए मांगे और फिर 19 नवम्बर को सामान वापस लाने की बात कहकर निकल गई। जब वह अगले दिन नहीं लौटी तो परिजन उसे खोजने निकले, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ितों ने अपनी शिकायतों में बताया कि अज्ञात महिला सोना-चांदी के अलावा कुछ घरों से बर्तन, पीतल-कांसा के बर्तन, सिल्वर के आभूषण तथा घरेलू सामग्री भी ले गई। सभी मामलों में कुल नुकसान लाखों रुपये आंका गया है।
पीड़ितों में सकीला पति इसहाक, सरोज बर्वे पति मनोज, संतोषी बांधेकर पति रमेश, चितरेखा खरे पति विनोद सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द अज्ञात महिला की पहचान कर कार्रवाई की जाए और उनका सामान वापस दिलाया जाए।
थाना कुकदूर पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।