महिला अपने बच्चे के साथ लापता, परिजन परेशान – तलाश जारी
कुकदूर/कबीरधाम। जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसेलखार से एक महिला अपने बच्चे के साथ लापता हो गई है। महिला के अचानक गायब हो जाने से परिजन काफी परेशान और चिंतित हैं तथा लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पतिराम मरावी, निवासी ग्राम परसेलखार, पोस्ट पोलमी, थाना कुकदूर, तहसील कुकदूर, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) ने बताया कि उनकी पत्नी महाशिव मेला कामठी घूमने के बाद ,लगभग 4 वर्षीय बच्चे के साथ घर से निकली थी, जिसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटी। काफी समय बीत जाने के बावजूद महिला और बच्चे का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
परिजनों ने अपने सभी रिश्तेदारों और परिचितों से फोन पर संपर्क किया तथा कई जगह जाकर भी जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन अभी तक महिला और बच्चे के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। महिला से किसी प्रकार का संपर्क भी नहीं हो पा रहा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
महिला के लापता होने की खबर से गांव में भी चिंता का माहौल है। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं और लोगों से भी जानकारी देने की अपील कर रहे हैं।
परिवार का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को महिला या उसके बच्चे के बारे में किसी प्रकार की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या परिजनों को सूचना दें, ताकि उन्हें सकुशल वापस लाया जा सके।