ग्राम गंडई खुर्द में VB-GRAM G मिशन का शुभारंभ, श्रमिकों को मिलेगा 125 दिनों का रोजगार

lok sev
previous arrow
next arrow

ग्राम गंडई खुर्द में VB-GRAM G मिशन का शुभारंभ, श्रमिकों को मिलेगा 125 दिनों का रोजगार
पंडरिया। केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री आदरणीय शिवराज सिंह चौहान द्वारा विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण (VB-GRAM G) का राष्ट्रीय स्तर पर वर्चुअल शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गंडई खुर्द में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की तथा केंद्रीय मंत्री का उद्बोधन सुना।
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह महत्वाकांक्षी योजना ग्राम पंचायत आधारित विकास, जनभागीदारी तथा स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, आजीविका को मजबूत करना तथा गांवों के समग्र विकास को गति देना है।
इस योजना के अंतर्गत पात्र ग्रामीण श्रमिकों को अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार का अधिकार मिलेगा। इससे ग्रामीण श्रमिकों की आय में वृद्धि होगी, उन्हें अधिक रोजगार उपलब्ध होगा तथा गांवों में आधारभूत सुविधाओं के निर्माण और विकास कार्यों को भी नई रफ्तार मिलेगी। सरकार का मानना है कि यह योजना विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण विकास तथा श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना गांवों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ-साथ श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, रोशन दुबे, राजेश्वरी धृतलहरे, राजकुमारी राजेंद्र साहू, विदेशी राम धुर्वे, पूर्णिमा साहू, रामकिंकर वर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा श्रमिकों के कल्याण और ग्रामीण विकास के लिए सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related posts