जनहित के प्रति पंडरिया विधायक भावना बोहरा की संवेदनशीलता: ग्राम कुई और अमेरा में बोर खनन से पेयजल समस्या का हुआ त्वरित निराकरण
पंडरिया। जनसेवा और त्वरित निराकरण के संकल्प को दोहराते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्र की पेयजल समस्याओं को दूर करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ग्राम पंचायत कुई (कन्हैयापारा) और ग्राम अमेरा के विभिन्न मोहल्लों में लंबे समय से व्याप्त पानी की किल्लत को देखते हुए विधायक के निर्देश पर तत्काल बोर खनन कार्य संपन्न कराया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी उत्साह और हर्ष का माहौल है।

कन्हैयापारा की मांग पर तत्काल संज्ञान
ग्राम पंचायत कुई के कन्हैयापारा में ग्रामीण पिछले काफी समय से पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे। ग्रामीणों ने अपनी इस मूलभूत समस्या के समाधान के लिए विधायक भावना बोहरा (भावना दीदी) से भेंट कर उन्हें बोर खनन हेतु आग्रह किया था। ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसका परिणाम यह रहा कि बिना किसी विलंब के आज कन्हैयापारा में सफलतापूर्वक बोर खनन का कार्य पूर्ण हुआ।

ग्राम अमेरा में भी पेयजल संकट दूर
इसी कड़ी में विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से ग्राम पंचायत अमेरा के आवासपारा और चारभाठा क्षेत्र में भी बोर खनन का कार्य किया गया। इन क्षेत्रों में आबादी के विस्तार और जलस्तर में गिरावट के कारण पीने के पानी की भारी समस्या बनी हुई थी। विधायक की पहल से अब इन क्षेत्रों के सैकड़ों परिवारों को स्वच्छ पेयजल की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है।



