पेयजल समस्या और जनसंपर्क अभियान के तहत विधायक प्रतिनिधियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

lok sev
previous arrow
next arrow
पेयजल समस्या और जनसंपर्क अभियान के तहत विधायक प्रतिनिधियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
पंडरिया ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरहुलडीह के ग्राम मजगांव, कुंडापानी एवं पंडरीपानी में पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों से जनसंपर्क कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामों में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान और ग्रामीणों की अन्य आवश्यकताओं को जानने के उद्देश्य से विधायक प्रतिनिधि रामगोपाल ओटी, मंडल कुकदुर के महामंत्री दशरथ कुंभकार सहित अन्य कार्यकर्ता गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना।
ग्रामीणों ने प्रतिनिधियों को बताया कि गर्मी के मौसम में जलस्तर नीचे चले जाने से हैंडपंप और अन्य जलस्रोत प्रभावित हो रहे हैं, जिसके कारण पीने के पानी की समस्या और बढ़ गई है। कई स्थानों पर दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। इस पर विधायक प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पेयजल समस्या के निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन योजना, वृद्धा पेंशन, किसान हितग्राही योजनाएं तथा अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी सामने रखीं। प्रतिनिधियों ने सभी समस्याओं को सूचीबद्ध कर संबंधित विभाग तक पहुंचाने और समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने गांव पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और जनसंपर्क करने के लिए विधायक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts