कुकदूर थाना क्षेत्र में किराना व लोक सेवा केंद्र में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
कुकदूर (कबीरधाम)। कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम पोलमी में संचालित एक जनरल किराना दुकान एवं लोक सेवा केंद्र में सोमवार रात हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस थाना कुकदूर में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पोलमी निवासी स्वागत राम शिव ने अपनी शिकायत में बताया कि बाजार पारा पोलमी में उनका जनरल किराना दुकान एवं लोक सेवा केंद्र संचालित है। 29 जून 2026 की रात अज्ञात समय पर आरोपी राजेश्वर (रज्जु) चेचाम, निवासी कामठी कछार पारा, ने दुकान के दोनों ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। शिकायत के अनुसार आरोपी दुकान से लगभग 50 हजार से 1 लाख रुपये नकद, एक कंप्यूटर मॉनिटर, मोबाइल से संबंधित सामग्री तथा अन्य स्टेशनरी सामान चोरी कर ले गया।
पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में आरोपी दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है। हालांकि दुकान के भीतर पहुंचने के बाद आरोपी ने सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया, जिसके कारण उसके बाद की गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकीं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने दुकान से लगे शिवम शिव की दुकान का भी एक ताला तोड़ दिया। हालांकि दूसरे ताले को तोड़ने में वह सफल नहीं हो सका, जिससे वहां चोरी की घटना नहीं हो पाई। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी ने दूसरी दुकान में भी चोरी का प्रयास किया था।
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने तथा चोरी गई नकदी और सामान बरामद करने की मांग की है।
पीड़ित दुकानदार स्वागत राम शिव ने पुलिस से आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने और हुए नुकसान की भरपाई कराने की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पोलमी में किराना दुकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी