कबीरधाम में भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, पांच घायल
कुकदूर (कबीरधाम)। जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लोखान गांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तखतपुर के समीप स्थित दशरंगपुर निवासी एक परिवार अपनी कार से कूई गांव जा रहा था। कार में पति-पत्नी और उनका बेटा सवार थे। इसी दौरान कुकदूर थाना क्षेत्र के लोखान गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी कार से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद सामने से आ रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में उस कार के चालक पुनाराम विश्वकर्मा (निवासी बिरकोना) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों वाहनों में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कुकदूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदूर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।



