दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मियों के परिजनों को जल्द मिल सकती है अनुकंपा नियुक्ति, मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद जगी उम्मीद

lok sev
previous arrow
next arrow
दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मियों के परिजनों को जल्द मिल सकती है अनुकंपा नियुक्ति, मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद जगी उम्मीद
रायपुर, 2 जुलाई। दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मियों के आश्रित परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से अनुकंपा नियुक्ति की मांग कर रहे पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माधुरी मृगे के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं पीड़ित परिजनों के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील से सौजन्य मुलाकात कर लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को बताया कि दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मियों के आश्रित परिवार लंबे समय से अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कई परिवार आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में इन प्रकरणों का जल्द समाधान अत्यंत आवश्यक है।
मुलाकात के दौरान मुख्य सचिव विकास शील ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शासन स्तर पर अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों के निराकरण की प्रक्रिया पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि पात्र मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माधुरी मृगे ने बताया कि इससे पहले 7 मई को प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री द्वारा मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उसी क्रम में यह मुलाकात हुई, जिसमें अनुकंपा नियुक्ति के मुद्दे पर सकारात्मक चर्चा हुई।
माधुरी मृगे ने पीड़ित परिवारों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उन्हें विश्वास है कि जल्द ही सभी पात्र मामलों का निराकरण होगा। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति मिलने से वर्षों से संघर्ष कर रहे परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा और उनके चेहरों पर मुस्कान लौटेगी। उन्होंने सभी पीड़ित परिजनों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए धैर्य बनाए रखने की अपील भी की।
इस अवसर पर प्रदेश सह सचिव गीता साहू, कार्यकारिणी सदस्य कुमुदिनी साहू, बबीता, दीपक पटेल सहित बड़ी संख्या में दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मियों के पीड़ित परिजन उपस्थित रहे। बैठक के बाद उपस्थित परिवारों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला और सभी ने उम्मीद जताई कि शासन जल्द ही लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों का समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करेगा।

Related posts