सड़क हादसे में माता-पिता को खोने वाली कुसुम को मिली नई उड़ान, विधायक भावना बोहरा ने कराया रायपुर के नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश

lok sev
previous arrow
next arrow
सड़क हादसे में माता-पिता को खोने वाली कुसुम को मिली नई उड़ान, विधायक भावना बोहरा ने कराया रायपुर के नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश
पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम सेमरहा की बेटी कुसुम के जीवन में एक नई उम्मीद की शुरुआत हुई है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के सहयोग से कुसुम का रायपुर के एक नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश कराया गया है। अब वह नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर अपने सपनों को साकार करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएगी।
कुसुम की कहानी संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास की मिसाल है। लगभग दो वर्ष पूर्व हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया था। उन्हीं बच्चों में कुसुम भी शामिल थी। माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद उसके सामने जीवन की अनेक कठिन चुनौतियां खड़ी हो गईं। आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों के बावजूद उसने अपनी पढ़ाई नहीं छोड़ी और बेहतर भविष्य बनाने का संकल्प बनाए रखा।
कुसुम की इसी लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए विधायक भावना बोहरा ने उसकी उच्च शिक्षा में सहयोग का निर्णय लिया। उनके प्रयासों से कुसुम का रायपुर के नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश सुनिश्चित हुआ। इससे अब वह अपने सपनों को नई दिशा देने के साथ-साथ भविष्य में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकेगी।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि कुसुम जैसी बेटियां समाज की प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कुसुम ने हार नहीं मानी और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने का संकल्प बनाए रखा। उसकी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की राह में सहयोग कर पाना उनके लिए अत्यंत सुखद और आत्मिक संतोष का विषय है।
उन्होंने कुसुम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह पूरी मेहनत और लगन के साथ अपनी पढ़ाई पूरी करे, आत्मनिर्भर बने तथा अपने परिवार, क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करे। उन्होंने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि कुसुम जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करे और अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बने।
विधायक भावना बोहरा ने यह भी कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि व्यक्ति के भीतर हौसला, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति समर्पण हो तो वह हर चुनौती को पार कर सकता है। समाज और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि ऐसे जरूरतमंद बच्चों और बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करें ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके।
क्षेत्र के लोगों ने भी विधायक के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कुसुम जैसी बेटियों को शिक्षा से जोड़ना केवल एक छात्रा की मदद नहीं, बल्कि पूरे समाज के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लोगों ने विश्वास जताया कि कुसुम अपनी मेहनत और लगन के बल पर सफलता हासिल करेगी तथा अपने संघर्ष की कहानी से अनेक बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

Related posts