कुई-कुकदूर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन, विधायक भावना बोहरा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
पंडरिया। वनांचल ग्राम कुई-कुकदूर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित “सेवा सेतु शिविर” में पंडरिया विधायक भावना बोहरा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का विधायक भावना बोहरा ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं शिविर में पहुंच रहे ग्रामीणों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और ग्रामीणों की समस्याओं का यथासंभव त्वरित निराकरण किया जाए।
शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक भावना बोहरा ने आमजनों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम हैं, जिससे लोगों को अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलती है।
इस अवसर पर शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों से भी विधायक ने भेंट की। कार्यक्रम में हितग्राहियों को राशन कार्ड, स्वामित्व योजना अंतर्गत पट्टा, आयुष्मान कार्ड एवं ऋण पुस्तिका का वितरण किया गया। दस्तावेज और योजनाओं का लाभ मिलने पर हितग्राहियों ने अपनी आवश्यकताओं से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी भी साझा की।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि जनसेवा के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना और जरूरतमंद लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही “सेवा सेतु अभियान” का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ आसानी से मिले, इसके लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने भी शिविर में पहुंचकर विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी ली और अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बसन्त वाटिया, सेवा सेतु अभियान के जिला संयोजक विकास पांडे, जनपद अध्यक्ष नंदनी साहू, दीपक सलूजा, दशरथ कुंभकार, मंडल प्रभारी चंद्र कुमार सोनी, भास्कर देवांगन, रति राम भट्ट, सुमीर पुसाम, पार्वती सुनहले सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कुई-कुकदूर में आयोजित सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय सेवाओं की जानकारी और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, जिससे क्षेत्र में जनसेवा और प्रशासनिक पहुंच को मजबूत करने का प्रयास देखने को मिला।