आकाशीय बिजली गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल, 108 एम्बुलेंस की तत्परता से बची जान

lok sev
previous arrow
next arrow
आकाशीय बिजली गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल, 108 एम्बुलेंस की तत्परता से बची जान
कुकदूर/बोडला। कवर्धा जिले के बोडला विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुडघुसरी में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। समय पर 108 एम्बुलेंस की सहायता और त्वरित उपचार मिलने से महिला की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मुडघुसरी निवासी संतोषी धुर्वे (35 वर्ष) अपने घर में आराम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। खराब मौसम के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से संतोषी धुर्वे उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एक्सप्रेस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस में तैनात मेडिकल टेक्नीशियन विनोद धवलकर एवं पायलट पंचूराम श्याम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को प्राथमिक उपचार प्रदान किया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण टीम ने मौके पर ही आवश्यक चिकित्सा सहायता दी तथा सीपीआर सहित अन्य जरूरी उपचार कर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदूर पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से महिला की जान बचाई जा सकी। घटना के बाद परिजनों ने 108 एम्बुलेंस टीम की त्वरित कार्रवाई और मानवीय सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
इधर मौसम विभाग ने क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन ने भी नागरिकों से सावधानी बरतने और आपात स्थिति में तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा का उपयोग करने का आग्रह किया है।

Related posts