28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल, ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर रविवार को भी खुलेंगी बैंक शाखाएं
नई दिल्ली/रायपुर। बैंक यूनियनों के संयुक्त मंच (UFBU), यूनाइटेड फोरम ऑफ ग्रामीण बैंक यूनियन्स तथा ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्प्लॉईज एसोसिएशन (AIRRBEA) की ओर से 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का प्रस्ताव रखा गया है। इसके चलते लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर, रविवार को बैंक शाखाएं खोलने की व्यवस्था की गई है।
जानकारी के अनुसार 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियों के कारण बैंकिंग सेवाओं पर अतिरिक्त असर पड़ सकता था। ऐसे में ग्राहकों की आवश्यक बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 27 सितंबर रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से कार्य करेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखाएं भी शामिल हैं।
रविवार को मिलेंगी बैंकिंग सेवाएं
27 सितंबर को बैंक शाखाओं के अलावा संबंधित बैंक कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं तथा करेंसी चेस्ट को भी चालू रखने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य हड़ताल से पहले ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने का अवसर देना है। ग्राहक इस दिन बैंक जाकर जमा, निकासी सहित उपलब्ध बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
हड़ताल टालने की अपील
प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से संबंधित बैंक यूनियनों से हड़ताल स्थगित करने की अपील की गई है, ताकि देशभर में बैंकिंग सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें। हालांकि हड़ताल को लेकर अंतिम स्थिति संबंधित संगठनों के निर्णय पर निर्भर करेगी।
ग्राहकों को समय से काम निपटाने की सलाह
संभावित परेशानी से बचने के लिए बैंक ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य 27 सितंबर तक निपटा लें। हड़ताल के दौरान नकदी की आवश्यकता होने पर ग्राहक एटीएम का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से आवश्यक लेनदेन किए जा सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग जरूरतों के लिए ग्राहक नजदीकी कस्टमर सर्विस पॉइंट (CSP) का भी उपयोग कर सकते हैं। बैंक ग्राहकों से अपील की गई है कि वे हड़ताल की संभावित अवधि को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी लेनदेन की पहले से योजना बनाएं, ताकि उन्हें अंतिम समय में परेशानी का सामना न करना पड़े।