रफ्तार का कहर: कुकदुर थाना के सामने अज्ञात बोलेरो की टक्कर से बंदर की मौत, एक सप्ताह में तीसरी घटना

lok sev
previous arrow
next arrow
रफ्तार का कहर: कुकदुर थाना के सामने अज्ञात बोलेरो की टक्कर से बंदर की मौत, एक सप्ताह में तीसरी घटना
कुकदुर। स्टेट हाईवे-05 (पंडरिया–बजाग मार्ग) पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे कुकदुर थाना के सामने एक अज्ञात बोलेरो वाहन ने सड़क पार कर रहे एक बंदर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बंदर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पंडरिया–बजाग मार्ग पर पिछले एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसमें अज्ञात वाहनों की चपेट में आने से बेजुबान बंदरों की जान गई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्रवासियों में चिंता और आक्रोश बढ़ा दिया है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित गति और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग वन्य जीवों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्य हैं। हाईवे के दोनों ओर निर्माणाधीन भवनों के लिए गिट्टी, रेत और अन्य सामग्री सड़क के किनारे एवं कई स्थानों पर सड़क पर ही डंप कर दी जाती है। इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए मृत बंदर का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया। इस दौरान एसआई गोविंद चंद्रवंशी, अविनाश तिवारी (CGP), सीजी सिंगर शत्रु, कुकदुर बूथ अध्यक्ष रामकिशोर यादव, भगवान सिंह धुर्वे, अविनाश मंडावी (CGF) तथा लोकेश कुमार ध्रुव (CGF) सहित अन्य लोगों ने मिलकर बंदर के शव का मिट्टी संस्कार किया।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्टेट हाईवे-05 पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी संकेत लगाए जाएं तथा सड़क पर अवैध रूप से निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Related posts