मां कौशल्या धाम पाटेश्वर आश्रम में संपन्न हुआ प्रदेश स्तरीय साहू समाज सम्मेलन

lok sev
previous arrow
next arrow
मां कौशल्या धाम पाटेश्वर आश्रम में संपन्न हुआ प्रदेश स्तरीय साहू समाज सम्मेलन
बालोद, 9 जून। बालोद जिले के जामड़ी स्थित पाटेश्वर आश्रम में निर्माणाधीन मां कौशल्या धाम में सोमवार को प्रदेश स्तरीय साहू समाज सम्मेलन भव्य रूप से संपन्न हुआ। पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित एक माह के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की श्रृंखला में हुए इस सम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में साहू समाज के लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में मातृशक्ति की भी उपस्थिति रही।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र साहू, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी थानेश्वर साहू, जिला साहू संघ बालोद के अध्यक्ष महेंद्र साहू सहित डोंडी, खैरागढ़, कवर्धा, रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, धमधा, राजनांदगांव, बेमेतरा तथा अन्य जिलों से समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री थानेश्वर साहू ने कहा कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित इस प्रकार का धाम पूरे विश्व में कहीं देखने को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि मां कौशल्या धाम में साहू समाज की आराध्य देवी मां कर्मा की स्थापना होने से यह स्थान समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा छत्तीसगढ़ और साहू समाज की पहचान वैश्विक स्तर पर स्थापित होगी।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र साहू ने कहा कि जामड़ी पाटेश्वर आश्रम में बन रहा मां कौशल्या धाम भविष्य में मां कर्मा धाम के रूप में भी विख्यात होगा। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल की महत्ता से पूरा साहू समाज प्रेरित है और धाम निर्माण में समाज हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने धाम की भव्यता और निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि संत राम बालक दास जी का यह प्रयास छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और धार्मिक जागरण के लिए किए जा रहे उनके प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।

कार्यक्रम के अंत में संत राम बालक दास जी ने उपस्थित सभी समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण में पूरे देश ने सहयोग दिया, उसी प्रकार छत्तीसगढ़ की बेटी राजरानी मां कौशल्या के भव्य धाम निर्माण में भी सभी समाजों को आगे आना चाहिए।
उन्होंने बताया कि आगामी 12 जून को पाटेश्वर धाम में जयपुर (राजस्थान) के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुविद् मनोज गुप्ता के सान्निध्य में विशाल ज्योतिष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। वहीं 13 जून को छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तरीय कलार-सिन्हा समाज सम्मेलन का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को आमंत्रित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि मां कौशल्या धाम में आगामी दिसंबर माह में मां कौशल्या, पंचमुखी हनुमान, भगवान शंकर सहित सनातन धर्म के 108 देवी-देवताओं एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी, जिससे यह धाम प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों में शामिल होगा।
हेडलाइन:
मां कौशल्या धाम पाटेश्वर आश्रम में संपन्न हुआ प्रदेश स्तरीय साहू समाज सम्मेलन, हजारों समाजजन हुए शामिल

Related posts