सांवतपुर प्राथमिक शाला में धूमधाम से मनाया गया प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत
पंडरिया। शासकीय प्राथमिक विद्यालय सांवतपुर में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की चहल-पहल, मुस्कान और नई उम्मीदों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदनी साहू, जनपद सदस्य श्रीमती अंजनी साहू, ग्राम सरपंच संतोष साहू, मंडल अध्यक्ष फलित साहू, शाला विकास समिति अध्यक्ष परमेश्वर निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक भावना बोहरा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शिक्षक विनोद तिवारी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को मेहनत, लगन एवं नियमित अध्ययन का संदेश दिया।



