झूमर में सरपंच जुगरा राम बैगा के यहां छट्टी कार्यक्रम संपन्न, विधायक प्रतिनिधि ने दी शुभकामनाएं
पंडरिया। ग्राम झूमर निवासी एवं ग्राम पंचायत अगरपानी के सरपंच श्री जुगरा राम बैगा के यहां पुत्र रत्न की प्राप्ति के उपलक्ष्य में शुक्रवार, 26 जून 2026 को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छट्टी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित होकर परिवार को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पंडरिया विधानसभा की विधायक की ओर से विधायक प्रतिनिधि रामगोपाल वट्टी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने विधायक की ओर से नवजात शिशु के लिए शगुन भेंट कर परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि नवजात शिशु परिवार और समाज के लिए नई खुशियां लेकर आता है। सभी ने बच्चे के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि ने परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात कर नवजात शिशु को आशीर्वाद दिया तथा कहा कि ऐसे पारिवारिक एवं सामाजिक आयोजनों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से भी मिलकर क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
छट्टी कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति जिला कबीरधाम के उपाध्यक्ष रतिराम भट्ट, भारतीय जनता पार्टी मंडल कुकदूर के महामंत्री दशरथ कुम्भकार, मंडल उपाध्यक्ष भगाऊ राम धुर्वे, चाटा समिति के अध्यक्ष भागसिंह मरावी, ग्राम पंचायत पोलमी के सरपंच मधुर सिंह मरावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्राम के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने जुगरा राम बैगा एवं उनके परिवार को पुत्र रत्न की प्राप्ति पर बधाई देते हुए नवजात शिशु के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम का आयोजन पारंपरिक वातावरण में संपन्न हुआ, जहां परिवारजनों ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। ग्रामीणों ने भी नवजात शिशु के जन्म की खुशी में अपनी सहभागिता निभाते हुए परिवार की खुशियों में शामिल होकर शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम में हर्षोल्लास का वातावरण बना रहा और सभी ने परिवार के सुख-समृद्धि तथा नवजात के स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।