पत्रकार हितों की रक्षा के लिए 11 जून को जगदलपुर में धरना, छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन का पूर्ण समर्थन
जगदलपुर। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बस्तर जिला पत्रकार संघ द्वारा 11 जून 2026 (गुरुवार) को जगदलपुर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह धरना दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक सिटी ग्राउंड के सामने आयोजित होगा। पत्रकार हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण आंदोलन को छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन ने अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
बस्तर जिला पत्रकार संघ के अनुसार, छत्तीसगढ़ मीडियाकर्मी सुरक्षा विधेयक लागू होने के बावजूद कई मामलों में पत्रकारों के विरुद्ध बिना समुचित जांच के कार्रवाई की जा रही है। इससे पत्रकार समुदाय में असंतोष और चिंता का माहौल बना हुआ है। इसी विषय पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे ने अपने जारी बयान में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा, स्वतंत्रता तथा सम्मान की रक्षा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संगठन हमेशा उनके साथ खड़ा रहा है और आगे भी मजबूती के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने बताया कि यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर अपना समर्थन दर्ज कराएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने बस्तर संभाग के सभी पत्रकारों से इस आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब भी पत्रकारों के अधिकारों पर आंच आएगी, संगठन उनके समर्थन में संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा।
वहीं, छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन पटेल ने भी पत्रकार साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और संगठन पत्रकार हितों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
बस्तर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता एवं संघ के अन्य पदाधिकारियों ने भी पत्रकार समुदाय से लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्र कार्य वातावरण की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सभी पत्रकारों का सहयोग अपेक्षित है।
पत्रकार सुरक्षा और सम्मान की मांग को लेकर 11 जून को जगदलपुर में धरना, जर्नलिस्ट यूनियन ने दिया समर्थन