कामठी विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, प्रवेश उत्सव उत्साह से संपन्न

lok sev
previous arrow
next arrow
नए सपनों और नई उम्मीदों के साथ कामठी विद्यालय में प्रवेश उत्सव मनाया गया
पंडरिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की चहल-पहल, मुस्कान और नई उम्मीदों से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत सरपंच, पंचगण, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, ग्रामीणजन एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती हेमलता टंडन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए मेहनत और लगन से अध्ययन करने का संदेश दिया।
प्रवेश उत्सव के दौरान कक्षा 6वीं एवं 9वीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का माला पहनाकर, लेखनी भेंट कर तथा केला एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दो नीम के पौधों का रोपण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने पौधों की देखरेख का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संकुल के समस्त शिक्षक, विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related posts