कुकदूर में लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार, शराब की बोतल से सिर पर किया था वार; बाइक-मोबाइल बरामद

lok sev
previous arrow
next arrow
दिनांक-24.08.2026 थाना कुकदूर, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़)।
लूट के मामले में फरार आरोपी कुकदूर पुलिस की गिरफ्त में
पीड़ित को शराब की बोतल से सिर पर वार कर किया था लहूलुहान, लूटी गई मोटरसाइकिल एवं मोबाइल शत-प्रतिशत बरामद
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र यादव (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेम सागर सिदार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक श्री संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा फरार लूट के आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 23.08.2026 को मुखबिर से प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर फरार आरोपी छोटू यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट की मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई।
*चक्कर आने एवं लघुसंका करने का बहाना बनाकर रुकवाई मोटरसाइकिल, शराब की बोतल से सिर पर किया वार*
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 22.04.2026 को आहत शिकारी बैगा पिता चारू बैगा, निवासी ग्राम चिंयाडांड, थाना कुकदूर, जिला कबीरधाम, अपने मोटरसाइकिल से छोटू यादव निवासी ग्राम बरेण्डा, मध्यप्रदेश एवं उसके साथी छोटेलाल यादव को ग्राम कुण्डा-दामापुर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम जामुनपानी-बंदौरा के मध्य जंगल में दोनों आरोपियों ने चक्कर आने एवं बाथरूम करने का बहाना बनाकर शिकारी बैगा से मोटरसाइकिल रुकवाई।
मोटरसाइकिल रुकते ही आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा शराब की बोतल से सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने शिकारी बैगा की मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 21/2026, धारा 296, 115(2), 351(3), 309(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
*मुखबिर तंत्र से मिली सफलता, आरोपी गिरफ्तार और लूट का पूरा मशरूका बरामद*
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कुकदूर पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की पतासाजी के लिए लगातार संभावित स्थानों पर तलाश एवं दबिश की कार्रवाई की जा रही थी। साथ ही विश्वसनीय मुखबिरों को सक्रिय कर फरार आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसी दौरान दिनांक 23.08.2026 को मुखबिर से प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फरार आरोपी छोटू यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ एवं उसकी निशानदेही पर आहत शिकारी बैगा से लूटी गई हीरो एच.एफ. डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JE-5165 एवं एक नग एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस द्वारा मामले में लूट की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में जिले के वरिष्ठ अधिकारीगणों के निर्देशन पर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री संतोष मिश्रा, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक देवेन्द्र बंजारे, आरक्षक कृष्ण कुमार धुर्वे एवं महिला आरक्षक बिमला धुर्वे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र यादव द्वारा फरार आरोपी की तत्परता से गिरफ्तारी, लूट के मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी सहित पूरी पुलिस टीम की सराहना की गई है।

Related posts