शासकीय माध्यमिक विद्यालय कामठी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन
कामठी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शासकीय माध्यमिक विद्यालय कामठी में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को मंच देने तथा उनमें देशभक्ति एवं राष्ट्रीय विकास की भावना जागृत करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान “मेरे सपनों का भारत” एवं “विकासशील भारत से विकसित भारत 2047” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि श्री रामगोपाल वट्टी जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कामठी की सरपंच श्रीमती पार्वती मसराम ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री संतराम मसराम, श्री बृज बघेल एवं ग्राम के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से शिक्षक श्री रघुनन्दन गुप्ता तथा समस्त शिक्षक स्टाफ ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में अद्भुत उत्साह देखने को मिला। रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगों और आकृतियों के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ के स्वरूप को उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में नन्हे वक्ताओं ने “मेरे सपनों का भारत” विषय पर अपने विचार रखते हुए देश को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और तकनीक के क्षेत्र में आगे ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि श्री रामगोपाल वट्टी जी ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से बच्चों में राष्ट्र निर्माण की सोच विकसित हो रही है। यदि हमें 2047 तक भारत को पूर्णतः विकसित राष्ट्र बनाना है, तो इसकी नींव आज के इन विद्यार्थियों के विचारों और संकल्पों से ही रखी जाएगी।
सरपंच श्रीमती पार्वती मसराम ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीण अंचल के बच्चों में छिपी प्रतिभा बाहर आती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। शिक्षक श्री रघुनन्दन गुप्ता ने अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को किटबी ज्ञान के साथ-साथ नैतिक और व्यावहारिक शिक्षा देना भी है।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, छात्राएं, छात्र तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के साथ हुआ।