केटीयू में दीक्षारंभ के द्वितीय सत्र का आयोजन, पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर

lok sev
previous arrow
next arrow
केटीयू में दीक्षारंभ के द्वितीय सत्र का आयोजन, पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर
रायपुर, 23 सितंबर 2026। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू) में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, बदलते स्वरूप और युवा पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने की। मुख्य अतिथि ‘हरिभूमि’ के प्रधान संपादक एवं रणनीतिक विश्लेषक डॉ. हिमांशु द्विवेदी रहे।
कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने कहा कि एक पत्रकार के जीवन में उसकी आखिरी स्टोरी और उसकी भाषा महत्वपूर्ण होती है। खबर हमेशा तथ्यात्मक, प्रमाणिक और सही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता पर अर्थशास्त्र के सिद्धांतों का प्रभाव बढ़ रहा है, जिसके कारण पत्रकारिता अपने मूल उद्देश्यों से भटकने की चुनौती का सामना कर रही है। ऐसे समय में नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह पत्रकारिता की विश्वसनीयता को बनाए रखे।
उन्होंने विद्यार्थियों से सनसनीखेज रिपोर्टिंग से बचने और खबरों में तथ्यों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकार को खबर प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए तथा अपनी अंतरात्मा की आवाज के अनुरूप पत्रकारिता के मूल्यों का पालन करना चाहिए।
मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि पिछले दो दशकों में पत्रकारिता के क्षेत्र में तेजी से बदलाव आया है। उन्होंने पत्रकारिता के शुरुआती दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय इसका उद्देश्य विचारों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाना और जनकल्याण की भावना से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यावसायिक बदलाव भी आए हैं।
डॉ. द्विवेदी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और नियमित आत्ममूल्यांकन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रभावी पत्रकार बनने के लिए अध्ययनशील होना जरूरी है। पढ़ाई को जीवन के अनुशासन का हिस्सा बनाते हुए विद्यार्थियों को लगातार नए विषयों और घटनाक्रमों की जानकारी हासिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण है और जल्दबाजी में खबर देने के बजाय उसकी सत्यता की पुष्टि करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में पत्रकारिता विभागाध्यक्ष पंकज नयन पांडेय ने स्वागत भाषण दिया। मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी का परिचय तारिणी सोनी ने प्रस्तुत किया। मंच संचालन डॉ. केशव राठौर ने किया तथा आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष मंडावी ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ‘हरिभूमि’ और केटीयू के मध्य मीडिया हाउस लिंकेज तथा आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमओयू भी हस्ताक्षरित किया गया।

Related posts