शक्ति केंद्र कामठी की बैठक में संगठन विस्तार और जनहित मुद्दों पर हुई चर्चा
कुई कुकदुर। भारतीय जनता पार्टी मंडल कुई कुकदुर अंतर्गत शक्ति केंद्र कामठी में शुक्रवार को शक्ति केंद्र स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का आयोजन दोपहर 3 बजे किया गया, जिसमें क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
बैठक में मंडल प्रभारी चंद्रकुमार सोनी, मंडल अध्यक्ष बसंत वाटिया, शक्ति केंद्र प्रभारी दीपा धुर्वे, संयोजक कृष्णा देवांगन एवं सहसंयोजक रामभरोस चेचाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन गीत एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी चंद्रकुमार सोनी ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष बसंत वाटिया ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रियता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाकर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की। वहीं शक्ति केंद्र प्रभारी दीपा धुर्वे ने महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर देते हुए संगठन में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में तेलियापानी, लेदरा, चियाडाड़, डालामौह, माटपुर एवं कामठी ग्राम के बूथ अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की। कार्यकर्ताओं ने गांवों में पेयजल, सड़क, बिजली एवं विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भी चर्चा की तथा इनके निराकरण हेतु शासन स्तर तक बात पहुंचाने का निर्णय लिया गया।



