सुशासन तिहार 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का वनांचल क्षेत्र में दौरा, जनसंवाद और विकास कार्यों की घोषणा
कुई-कुकदुर (पंडरिया विधानसभा) – “जनता के द्वार, सुशासन की सरकार” थीम के तहत आयोजित सुशासन तिहार 2026 के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai का वनांचल क्षेत्र लोखान में आगमन हुआ। इस अवसर पर कुई-कुकदुर हेलीपैड में उनका आत्मीय स्वागत किया गया और जनप्रतिनिधियों द्वारा सौजन्य भेंट की गई।
मुख्यमंत्री ने लोखान ग्राम में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवन में ईंट जोड़ाई कर श्रमिकों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ बैठकर अंगाकर रोटी व बोरे बासी का सादा भोजन भी किया।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ग्राम कमराखोल पहुंचे, जहां उन्होंने जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में महतारी सदन की स्थापना और अन्य विकास कार्यों की घोषणा भी की गई।

मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं, लखपति दीदीयों और विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों से मुलाकात कर संवाद किया। उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण भी किया।



