दुल्लापुर कस्तूरबा गांधी छात्रावास में फूड पॉइजनिंग की आशंका, 15 छात्राएं बीमार, 4 पंडरिया अस्पताल रेफर
पंडरिया। विकासखंड पंडरिया के दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (छात्रावास) में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक के बाद एक कई छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। छात्राओं ने उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 15 छात्राएं बीमार हुई हैं, जबकि 4 छात्राओं को बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है।
जानकारी मिलते ही छात्रावास प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी, जिसके बाद चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं का प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर लक्षण वाली छात्राओं को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक तौर पर मामले को फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। भोजन और पेयजल के नमूनों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि छात्रावास की जिम्मेदार अधिकारी पिछले कुछ दिनों से नियमित रूप से उपस्थित नहीं थीं, जिससे बच्चों की देखरेख और व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का कारण भोजन, पेयजल या कोई अन्य वजह थी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार, भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो