कवर्धा में महतारी वंदन ई-केवाईसी में अनियमितता पर सख्ती, 6 सीएससी आईडी निष्क्रिय

lok sev
previous arrow
next arrow
कवर्धा में महतारी वंदन ई-केवाईसी में अनियमितता पर सख्ती, 6 सीएससी आईडी निष्क्रिय
कवर्धा, 13 मई 2026 जिले में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत चल रहे ई-केवाईसी कार्य में अनियमितताओं पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर जिले में 6 सीएससी वीएलई आईडी को निष्क्रिय कर दिया गया है। इनमें बोड़ला विकासखंड की 1, कवर्धा की 4 और पंडरिया की 1 आईडी शामिल है।
प्रशासन के अनुसार, सभी सीएससी वीएलई को पंचायत भवन एवं वार्ड कार्यालयों में निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर ई-केवाईसी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी हितग्राहियों को केंद्र तक लाने और प्रक्रिया में सहयोग करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योजना में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिले में जिन हितग्राहियों के आधार विवरण में त्रुटियां पाई गई हैं, उनका सुधार परियोजना कार्यालय द्वारा 2 से 3 दिनों में किया जा रहा है, जिसके बाद ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में जिले में लगभग 83 प्रतिशत हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य पूर्ण हो चुका है और कबीरधाम जिला इस कार्य में पूरे छत्तीसगढ़ में तीसरे स्थान पर है।
यदि किसी वीएलई द्वारा ई-केवाईसी के नाम पर राशि की मांग या अनैतिक गतिविधि की जाती है, तो इसकी शिकायत जिला सीएससी प्रबंधक महेंद्र साहू (मोबाइल: 9630868510) पर की जा सकती है।

Related posts